होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के करीब 170 केस, कोरोना के भी मिले...

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के करीब 170 केस, कोरोना के भी मिले दो मरीज

0

रायपुर, 03 सितम्बर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या करीब 170 तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में भी नए मरीज सामने आए हैं। राजधानी रायपुर संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में बनी हुई है। दूसरी ओर, प्रदेश में कोरोना संक्रमण के भी दो मामले सामने आए हैं।

      स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर रख रहा है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से सतर्कता बरतने तथा संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

रायपुर में सबसे ज्यादा मामले

      उपलब्ध जानकारी के अनुसार रायपुर जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के करीब 73 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से कई मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि कुछ मरीजों का उपचार जारी है। राजधानी में बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में आइसोलेशन और उपचार की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

      स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमण प्रदेश के कई जिलों तक पहुंच चुका है। ऐसे में जिला स्तर पर निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कोरोना के दो मामले भी सामने आए

      स्वाइन फ्लू के बीच प्रदेश में कोरोना संक्रमण के दो मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। रिपोर्टों के अनुसार दोनों संक्रमित मरीजों की निगरानी की जा रही है और संक्रमण के संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है।

      स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार और निगरानी की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक दवाओं और इलाज से संबंधित सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का दावा किया गया है।

सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश

      बारिश के मौसम में वायरल और सांस से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में आवश्यक जांच तथा उपचार की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार जिला अस्पतालों और मेकाहारा में जांच की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।

      स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, थकान या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से संपर्क कर जांच कराना बेहतर है।

घबराने की नहीं, सावधानी की जरूरत

      स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से पैनिक नहीं करने, बल्कि सावधानी बरतने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अधिकांश स्वाइन फ्लू मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो रहे हैं। संक्रमण से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष सावधानी, हाथों की स्वच्छता और बीमारी के लक्षण होने पर समय पर जांच जैसे उपाय महत्वपूर्ण हैं।

     स्वास्थ्य विभाग फिलहाल स्वाइन फ्लू और कोरोना, दोनों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। बारिश के मौसम में संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए निगरानी और जागरूकता गतिविधियों को भी तेज किया जा रहा है।