रायपुर, 08 सितंबर। छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2028 में प्रस्तावित 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की विशेष आम सभा की बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन ने प्रदेश में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन का औपचारिक प्रस्ताव रखा।
छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने बैठक में प्रदेश की ओर से मेजबानी का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने IOA अध्यक्ष पी.टी. उषा को मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णुदेव साय का पत्र भी सौंपा। पत्र में 39वें नेशनल गेम्स के आयोजन के बाद फरवरी 2028 में 40वें नेशनल गेम्स छत्तीसगढ़ में आयोजित करने का अनुरोध किया गया है।
खेल अधोसंरचना को मिलेगा विस्तार
डॉ. सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलने से राज्य में पहले से मौजूद खेल अधोसंरचना को और विकसित एवं मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नेशनल गेम्स जैसे बड़े आयोजन से प्रदेश में खेल गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और बेहतर अवसर हासिल करने का मौका मिलेगा।
40वें नेशनल गेम्स के लिए तैयार होने का दावा
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव ने कहा कि प्रदेश 40वें नेशनल गेम्स 2028 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य में विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध है और सरकार के प्रयासों से स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलती है तो यह प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे न केवल राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की खेल पहचान को भी मजबूती मिलेगी।




