होम छत्तीसगढ़ पेंशनरों को राहत की उम्मीद, लंबित पेंशन और परिवार पेंशन प्रकरणों पर...

पेंशनरों को राहत की उम्मीद, लंबित पेंशन और परिवार पेंशन प्रकरणों पर चर्चा

0

नवा रायपुर, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के पेंशनरों की लंबित समस्याओं के निराकरण और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए इंद्रावती भवन में पेंशनर्स संगठनों की कल महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

        संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि द्वारा आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संचालक एस. जयवर्धन ने की।बैठक में प्रदेश के विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और पेंशनरों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

पेंशनरों के हितों से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों पर मंथन

       बैठक के निर्धारित एजेंडे में पेंशन कल्याण मंडल का गठन, छत्तीसगढ़ पेंशन कल्याण निधि नियम, 1997 में आवश्यक संशोधन और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार, संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) ऑनलाइन उपलब्ध कराने, लंबित पेंशन एवं परिवार पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण तथा प्रभावी शिकायत निवारण एवं संवाद व्यवस्था विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

       बैठक में पेंशनरों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने पर जोर दिया गया। संचालक एस. जयवर्धन ने पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। साथ ही, पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संभागीय और जिला मुख्यालयों में भी ऐसी बैठकें आयोजित करने की मांग पर सहमति बनी।

विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारी हुए शामिल

       बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी, दैनिक वेतनभोगी पेंशनर्स कल्याण प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल पाठक, छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष पी.आर. यादव एवं महामंत्री उमेश मुदलियार शामिल हुए।

      इसके अलावा छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष आर.के. थवाईत एवं सुंदर सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. डी.पी. मनहर, पेंशनर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष यशवंत देवान, छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज के प्रांताध्यक्ष चेतन भारती, पेंशनर्स मोर्चा के संयोजक बी.पी. शर्मा एवं सुनील नायक तथा राज्य पेंशनर्स एवं कर्मचारी कल्याण संघ के विष्णु चंद्राकर एवं विद्याभूषण दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समस्याओं के समयबद्ध समाधान की उम्मीद

      भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की छत्तीसगढ़ इकाई ने बैठक को पेंशनरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। महासंघ ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर ठोस निर्णय लेकर लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

      बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके लिए पेंशन संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और पेंशनर हितैषी बनाने के साथ शिकायतों के व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान की व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता जताई गई।