MainSlideछत्तीसगढ़राजनीति

भाजपा ने कार्यकर्ताओं के बूते पर ही हासिल की है कामयाबी – शाह

रायपुर 21 सितम्बर।भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की बड़ी ताकत बताते हुए उन्होने कहा कि उनके संघर्ष की वजह से ही आज देश के 70 फीसदी भू-भाग में भाजपा का भगवा शान से लहरा रहा है।

श्री शाह ने आज यहां शक्ति केन्द्र कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही चुनाव लड़ता है।यह कार्यकर्ताओं का ही संघर्ष है कि आज देश के 70 फीसदी भू-भाग में भाजपा का भगवा शान से लहरा रहा है। संसद में 330 सांसद हैं। केन्द्र में पूर्ण बहुमत वाली सरकार है और 19 राज्यों में सत्ता है। 12 करोड़ कार्यकर्ताओं वाली भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। श्री शाह ने कांग्रेस को मूल सहित उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाया।

उन्होने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है और वही जनसेवी सरकार बनाने जीतता है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसलिए सरकार बनाती है कि गरीब के घर में दोनों वक्त का खाना नसीब हो। भाजपा इसलिए सरकार बनाती है कि किसी आदिवासी माता के पैर में कष्ट न हो, भाजपा इसलिए सरकार बनाती है कि किसान अपनी उपज की सही कीमत के लिए न तरसे , कोई घर अंधेरे में न रहने पाये, महिलाओं को धुंए से मुक्ति मिले, युवाओं को रोजी-रोटी के साधन मिलें, कोई बेघर न रहने पाये, किसी गरीब के घर इलाज के अभाव में मौत न हो।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा बीते चार सालों में किये गए कार्यों का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। श्री शाह ने कहा कि राहुल बाबा को देश की नहीं, घुसपैठियों की चिंता है। श्री शाह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि 2019 में केन्द्र में फिर से सरकार बनने के बाद देश में एक भी  घुसपैठिये को रहने नहीं दिया जायेगा।

किसानों के प्रति छत्तीसगढ़ की रमन सरकार तथा केन्द्र की मोदी सरकार की सहानुभूति का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां किसानों के हक में क्रांतिकारी फैसले लिये गये तो मोदी जी ने देश के किसानों के हित में लागत से डेढ़ गुने समर्थन मूल्य का ऐतिहासिक फैसला किया। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि मौनी बाबा (डॉ. मनमोहन सिंह) के समय पाकिस्तानी हमारे जवानों का सिर काटकर ले जाते थे। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक जैसा जवाब दिया।

श्री शाह ने रोजगार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास जैसे सभी विषयों पर मोदी और रमन सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए राज्य में 65 प्लस का लक्ष्य और लोकसभा की 11 की 11 सीटों पर विजय का संकल्प दिलवाया।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पार्टी अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि यहां की जनता के बीच हमारे संघर्षशील कार्यकर्ता घर-घर जायेंगे और 65 प्लस का लक्ष्य हासिल करने के साथ ही राज्य की पूरी 11 लोकसभा सीटें जीत कर देंगे। उन्होंने कहा कि एक भी कम नहीं। अभी 65 के पार सीटें जीतेंगे और 2019 में 11 लोकसभा सीटों पर कमल खिलेगा। कोई ताकत हमारे कार्यकर्ताओं को लक्ष्य प्राप्ति से नहीं रोक सकती।

Related Articles

Back to top button