होम खास ख़बर निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रमों का...

निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रमों का किया ऐलान

0

नई दिल्ली 06 अक्टूबर।निर्वाचन आयोग ने पांच राज्‍यों छत्‍तीसगढ़, मध्‍यप्रदेश, राजस्‍थान,मिजोरम और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव तिथियों की घोषणा कर दी है।

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ओ.पी. रावत ने आज यहां यह घोषणा करते हुए बताया कि केवल छत्‍तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मध्‍यप्रदेश, मिजोरम, राजस्‍थान और तेलंगाना में एक ही चरण में चुनाव सम्‍पन्‍न कराये जाएंगे।सभी राज्‍यों के वोटों की गिनती 11 दिसम्‍बर को होगी।

उन्‍होंने कहा कि चुनाव वाले सभी राज्‍यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। हालांकि, तेलंगाना में विधानसभा भंग होने के दिन से यह लागू कर दी गयी थी।एक सवाल के जवाब में मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ने कहा कि चुनाव की तारीख घोषित करने के बारे में सरकार की ओर से किसी भी तरह का कोई दबाव नहीं डाला गया है।

छत्‍तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटों में 18 सीटें नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों में पड़ती है, जहां पर पहले चरण के तहत 12 नवम्‍बर को, जबकि दूसरे चरण में राज्‍य की 72 सीटों के लिए 20 नवम्‍बर को वोट डाले जाएंगे। 230 सीटों वाली मध्‍यप्रदेश विधानसभा और 40 सीटों वाली मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान एक ही चरण में 28 नवम्‍बर को होगा। 200 सीटों वाली राजस्‍थान विधानसभा और 119 सीटों वाली तेलंगाना विधानसभा के लिए सात दिसम्‍बर को एक ही चरण में मतदान कराए जाएंगे।