MainSlideदेश-विदेश

पाकिस्तानी उच्चायोग में कर्मचारियों में 50 प्रतिशत कमी करने को कहा भारत ने

नई दिल्ली 23 जून।भारत सरकार ने नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायोग में कर्मचारियों की संख्या में 50 प्रतिशत कमी करने का फैसला किया है।

विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि उच्चायोग में काम करने वाले पाकिस्तानी अधिकारियों का व्यवहार विएना संधि और दोनों देशों के बीच राजनयिकों तथा अन्य अधिकारियों के व्यवहार के तौर तरीकों के अनुसार नहीं है।इसके विपरीत पाकिस्तान सीमा पार से हिंसा और आतंकवाद को समर्थन देने की नीति पर अमल कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने हाल में पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारियों को बंदूक की नोक पर अगवा किए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।मंत्रालय ने कहा कि यह इस बात को दर्शाता है कि पाकिस्तान इस तरह के कृत्यों में किस सीमा तक जा सकता है।अगवा किए गए अधिकारियों ने भारत लौटने के बाद कल पाकिस्तानी एजेंसियों द्वारा उनके साथ किए गए बर्बरतापूर्ण व्यवहार का विस्तृत ब्यौरा दिया।

भारतीय उच्चायोग भी अगले सात दिन में इस्लामाबाद स्थित अपने उच्चायोग में कर्मचारियों की संख्या में 50 प्रतिशत कमी करने जा रहा है।

Related Articles

Back to top button