
नई दिल्ली 01 फरवरी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि केंद्रीय बजट 2026-27 मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहलों के लिए महत्वाकांक्षी मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि यह बजट आज की आकांक्षाओं को वास्तविकता में बदलने वाला है। यह भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करने वाला बजट है।
वीडियो संदेश के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साल का बजट भारत में परिवर्तनों को नवीन ऊर्जा और गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह एक अनोखा बजट है, जो राजकोषीय घाटे को कम करने और महंगाई को नियंत्रित करने पर केंद्रित है, साथ ही उच्च पूंजीगत व्यय और उच्च विकास सुनिश्चित करता है।श्री मोदी ने कहा कि बायोफार्मा शक्ति मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन का दूसरा चरण, इलेक्ट्रॉनिक संयंत्रों के उत्पादन की योजना, रेयर अर्थ कॉरिडोर यानी दुलर्भ खनिज गलियारे का निर्माण और महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र को मजबूत करने जैसे सनराइज सेक्टर यानी उभरते हुए उद्योगों और व्यवसायों को अभूतपूर्व समर्थन दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कपड़ा क्षेत्र के लिए नई योजनाएं, अत्याधुनिक यंत्र उत्पादन को बढ़ावा देने और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमियों को तैयार करने की भी घोषणा की गई है, जो देश की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करती हैं।
उन्होने कहा कि आज का बजट ऐतिहासिक है और यह देश की महिलाओं की सशक्त भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बजट अपार अवसरों का राजमार्ग है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि यह बजट 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में भारत की ऊंची उड़ान का आधार है। उन्होंने रेखांकित किया कि बड़े सुधार भारत के महत्वाकांक्षी, साहसी और प्रतिभाशाली युवाओं को उड़ान भरने के लिए खुला आसमान प्रदान करते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि हर जिले में छात्राओं के लिए नए हॉस्टल बनाने का अभियान शिक्षा को और अधिक सुलभ बनाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस बजट में नारियल, काजू, कोको और चंदन का उत्पादन करने वाले कृषकों के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में किए गए प्रावधान विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी पेशेवर, इनोवेटर्स और क्रिएटर्स को तैयार करेंगे।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India