इसी महीने की सात तारीख से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप-2026 को लेकर पाकिस्तान ने फैसला कर लिया है। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में खेलने को तैयार तो है, लेकिन वह उसने फैसला किया है कि वह भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा। पाकिस्तानी सरकार ने टीम को हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है।
भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को होना है। ये काफी हाई वोल्टेज मैच होता है और ऐसे में सभी की नजरें इसी मैच पर होती हैं, लेकिन अब पाकिस्तान ने इस मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
टूर्नामेंट से बाहर रहने की दी थी धमकी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश का साथ देने के लिए टी20 वर्ल्ड कप से बाहर जाने की धमकी थी। इस मामले में उन्हें आईसीसी ने भी हड़काया था। फिर नकवी ने कहा था कि वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर अंतिम फैसला सरकार लेगी। सरकार ने पीसीबी को फैसला बता दिया है। पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक एक्स हैंडल से किए गए पोस्ट में लिखा है, “पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप-2026 में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।”
इसलिए लिया फैसला
पाकिस्तान ने ये फैसला बांग्लादेश को आईसीसी द्वारा इस टी20 वर्ल्ड कप-2026 से बाहर किए जाने के बाद लिया है। बांग्लादेश चाहता था कि वह अपने सभी मैच श्रीलंका में खेले क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक, उनके खिलाड़ियों को भारत में खतरा था। आईसीसी ने उसकी बात नहीं मानी और इधर बांग्लादेश अपनी बात पर अड़ा रहा। ऐसे में आईसीसी ने उसे बाहर कर दिया और स्कॉटलैंड को मौका दिया।
पीसीबी चीफ नकवी ने कहा था कि आईसीसी ने बांग्लादेश के साथ अच्छा नहीं किया और इसी कारण वह भी टू्र्नामेंट से बाहर जा सकता है। नकवी ने इस मामले में अंतिम फैसला सरकार पर छोड़ा था। इस मामले में पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ से उनकी मुलाकात 26 जनवरी को हुई थी जिसमें फैसला टाल दिया गया था जो आज आ गया है।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India