
रायपुर, 04 फरवरी।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धान खरीदी की अवधि मात्र दो दिन बढ़ाए जाने को किसानों के साथ अन्याय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब भी लाखों टन धान समर्थन मूल्य पर बिकने से वंचित है और सरकार अपने ही निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे चल रही है।
श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में बताया कि सरकार ने इस वर्ष धान खरीदी का लक्ष्य 165 लाख मीट्रिक टन तय किया था, जबकि अब तक केवल 139.85 लाख मीट्रिक टन की ही खरीदी हो पाई है। इस प्रकार सरकार लक्ष्य से लगभग 25 लाख मीट्रिक टन पीछे है। इतना ही नहीं, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष लगभग 10 लाख मीट्रिक टन कम धान की खरीदी हुई है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2.5 लाख से अधिक पंजीकृत किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं, जबकि लगभग 5 लाख किसानों का पंजीयन ही नहीं हो सका है। ऐसे में केवल दो दिन की अतिरिक्त अवधि से समस्या का समाधान संभव नहीं है। सभी किसानों का पूरा धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जा सके, इसके लिए धान खरीदी की तिथि कम से कम 15 दिन और बढ़ाई जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष सरकार ने केवल 53 दिनों तक ही धान की खरीदी की। इन 53 दिनों में 139.85 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया, यानी प्रतिदिन औसतन लगभग 2.5 लाख मीट्रिक टन की खरीदी हुई। इस औसत के आधार पर दो दिन में सरकार अधिकतम 4 से 5 लाख मीट्रिक टन धान ही खरीद पाएगी, जबकि अभी भी लक्ष्य से 25 लाख मीट्रिक टन की कमी बनी हुई है।
श्री बैज ने कहा कि जिन लगभग 5 लाख किसानों का पंजीयन नहीं हो सका है, उनके धान की खरीदी के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत हर किसान का पूरा धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन अब सरकार उस वादे से मुकरती नजर आ रही है।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India