MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

इंडिया स्किल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का दमदार प्रदर्शन

रायपुर, 03 मार्च।युवाओं की प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने ईस्ट ज़ोन रीजनल राउंड में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। राज्य के प्रतिभागियों ने कुल 12 पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अर्जित कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

   यह प्रतियोगिता चार चरणों जिला, राज्य, रीजनल और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को WorldSkills International के अंतर्गत भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने सिद्ध कर दिया है कि वे न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक मंच पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रशिक्षण, नवाचार और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। यह उपलब्धि “सशक्त युवा, समृद्ध छत्तीसगढ़” के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

  ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता का समापन 02 मार्च 2026 को  में हुआ। इस चरण में ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 कौशल श्रेणियों में भाग लिया।

छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए

  • 1 स्वर्ण पदक
  • 2 रजत पदक
  • 5 कांस्य पदक
  • 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस
    अपने नाम किए।

इन प्रतिभागियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान

  • स्वर्ण पदक: डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल
  • रजत पदक: 3डी डिजिटल गेम आर्ट में खुशांक नायक, सीएनसी मिलिंग में पुष्कर सोनबर, सीएनसी टर्निंग में आत्माराम
  • कांस्य पदक: सीएनसी मिलिंग में निखिल, इलेक्ट्रॉनिक्स में अभिषेक कुमार, प्लंबिंग एवं हीटिंग में रेशमान, वेब टेक्नोलॉजी में सतेंद्र कुमार
  • मेडल ऑफ एक्सीलेंस: रिन्यूएबल एनर्जी में नोहर लाल पटेल, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ओम बंजारे, हेल्थ एंड सोशल केयर में अंतरा मुखर्जी सहित अन्य प्रतिभागी

राज्य में हुआ व्यवस्थित और पारदर्शी आयोजन

राज्य में प्रतियोगिता का सफल संचालन छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया।

  • 19 कौशल ट्रेड्स में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 3327 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
  • इनमें से 381 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।
  • 03 एवं 04 फरवरी 2026 को रायपुर, दुर्ग और रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय राउंड के बाद 38 प्रतिभागियों का चयन रीजनल स्तर के लिए किया गया।

उल्लेखनीय है कि राज्य में पहली बार “कौशल तिहार 2025” और मोबाइल आधारित एमसीक्यू परीक्षा जैसे नवाचारों के माध्यम से प्रतियोगिता को व्यापक और पारदर्शी रूप से संपन्न कराया गया।

अब रीजनल स्तर पर सफल प्रतिभागी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां से चयनित प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button