राहुल गांधी ने ईरान मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 03 मार्च। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ईरान से जुड़े हालिया घटनाक्रम और खामेनई की हत्या के मुद्दे पर केंद्र सरकार से अपना नैतिक और कूटनीतिक रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसी राष्ट्राध्यक्ष की हत्या का समर्थन करते हैं?
श्री गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र को व्यापक संघर्ष की ओर धकेल सकता है। उन्होंने कहा कि इस अस्थिरता का असर लगभग एक करोड़ भारतीय नागरिकों सहित करोड़ों लोगों पर पड़ सकता है, जो इस क्षेत्र में रह रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सुरक्षा चिंताएं अपनी जगह वास्तविक हैं, लेकिन किसी भी देश की संप्रभुता का उल्लंघन करने वाले हमले स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं। उनके अनुसार, ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों की निंदा होनी चाहिए, साथ ही ईरान द्वारा अन्य खाड़ी देशों पर किए गए हमलों की भी आलोचना की जानी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि हिंसा का जवाब हिंसा नहीं हो सकता और संवाद व संयम ही शांति का एकमात्र मार्ग है।
श्री गांधी ने कहा कि भारत की विदेश नीति हमेशा से अंतरराष्ट्रीय कानून, संप्रभुता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर आधारित रही है, इसलिए मौजूदा परिस्थिति में भारत को नैतिक रूप से स्पष्ट और सुसंगत रुख अपनाना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर स्पष्ट बयान न आने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख प्रभावित हो रही है।



