MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

छत्तीसगढ़ के रेल विकास को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की बड़ी मांगें


रायपुर/नई दिल्ली, 18 मार्च।रेलवे मंत्रालय के वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा के दौरान रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें भी रखीं।

   सांसद अग्रवाल ने नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली के विस्तार और ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ जैसी योजनाओं की सराहना करते हुए राज्य में रेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश की राजधानी से बेहतर जोड़ने के लिए नई दिल्ली-बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस और बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, जो अभी सप्ताह में केवल दो दिन चलती हैं, उन्हें प्रतिदिन चलाया जाना चाहिए। राज्य में सीमित हवाई सेवाओं को देखते हुए यह कदम यात्रियों के लिए बेहद जरूरी है।

    इसके अलावा, उन्होंने त्योहारों और बढ़ती यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस और दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस को भी दैनिक संचालन में लाने की मांग की।

   स्थानीय स्तर पर यात्रियों की समस्याओं को उठाते हुए अग्रवाल ने रायपुर-रायगढ़ लोकल ट्रेन को दोबारा शुरू करने और इसे दुर्ग तक विस्तारित करने का सुझाव दिया। वहीं, रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, गोंदिया-जबलपुर ट्रेनों और मुंबई-नागपुर मार्ग की कई ट्रेनों को बिलासपुर तक बढ़ाने की भी बात कही।

   राज्य के अंदर बेहतर कनेक्टिविटी के लिए उन्होंने दुर्ग से अंबिकापुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का प्रस्ताव रखा, जिससे उत्तर-दक्षिण संपर्क मजबूत होगा और यात्रा समय में कमी आएगी। इसके साथ ही रायपुर से हिसार के बीच नई सीधी ट्रेन चलाने की मांग भी की, जिससे यात्रियों को खाटूश्याम और पुष्कर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

   बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हथबंद, मरोदा और मंदिर हसौद रेलवे स्टेशनों पर चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर चिंता जताई और इन्हें जल्द पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button