छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र संपन्न, मुख्यमंत्री साय ने सभी को दी बधाई

रायपुर, 20 मार्च।छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के आज समापन अवसर पर मंत्रियों और विधायकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वय और सहयोग से ही यह सत्र सार्थक और सफल हो पाया है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा को लोकतंत्र का पावन मंदिर बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना इसका प्रमुख दायित्व है।उन्होंने बताया कि इस बजट सत्र के दौरान लगभग 585 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया, जो एक प्रेरणादायक पहल है। इससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि राज्य सरकार भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस सत्र में कुल 15 बैठकें आयोजित की गईं और वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित किया गया। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन ने कृतज्ञता व्यक्त की और कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य पूरे किए गए।
सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026, नगर एवं ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक-2026 तथा गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक-2026 जैसे अहम विधेयक पारित हुए। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने और कर्मचारी चयन मंडल से संबंधित विधेयक भी सर्वसम्मति से पारित किए गए, जिन्हें युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में सदस्यों ने विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की और अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया, जो लोकतंत्र की मजबूती को दर्शाता है।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे अस्वस्थता के बावजूद डिजिटल माध्यम से कार्यवाही पर लगातार नजर रखे हुए थे। साथ ही उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सत्र के सफल संचालन के लिए नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, सभी विधायकों, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, सुरक्षा कर्मियों और समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया प्रतिनिधियों ने सदन की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है।अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।




