भाजपा कल 06 अप्रैल को मनाएगी 47वाँ स्थापना दिवस

रायपुर 05 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी कल 06 अप्रैल को अपना 47वाँ स्थापना दिवस पूरे उत्साह और व्यापक स्तर पर मनाने जा रही है। इस अवसर पर पार्टी ने 6 से 12 अप्रैल तक ‘सेवा सप्ताह’ और विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है।
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी यशवन्त जैन ने बताया कि बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश और जिला कार्यालयों को आकर्षक सजावट, दीपों, झालरों और रंगोली से भव्य रूप दिया जाएगा। 6 अप्रैल को सभी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसके बाद पार्टी की विचारधारा और विकास यात्रा पर उद्बोधन होंगे तथा मिष्ठान्न एवं शरबत वितरण किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर उसकी फोटो और सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने का आह्वान किया गया है।
श्री जैन ने बताया कि 6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्राथमिक और सक्रिय सदस्य एकत्रित होकर स्थापना दिवस मनाएंगे तथा संगठन की मजबूती का संकल्प लेंगे। इसके बाद 8 और 9 अप्रैल को प्रत्येक जिले में सक्रिय सदस्यों के बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन विस्तार, भाजपा की विकास यात्रा और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा होगी।
सम्मेलनों में अंत्योदय, ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास जैसे विषयों पर भी विशेष चर्चा होगी। इसमें श्री राम मंदिर, काशी विश्वनाथ और उज्जैन कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्पों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए निर्णयों पर भी विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक ‘गाँव/बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा, जिसके तहत सांसद, विधायक, निगम-मंडल-बोर्ड के पदाधिकारी, पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि और संगठन के सभी स्तर के पदाधिकारी गाँवों और बस्तियों में प्रवास करेंगे। इस दौरान बड़ी विधानसभाओं में कम से कम 50 और छोटी विधानसभाओं में न्यूनतम 20 गाँवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद, तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संपर्क कर उनकी प्रतिक्रिया जानने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही योजनाओं की उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा कर जनसंपर्क को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।




