MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

सामाजिक न्याय और समानता के प्रेरणास्रोत हैं बाबा साहेब- साय

रायपुर, 13 अप्रैल।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया है। मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब को सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों का सशक्त प्रहरी बताया।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने डॉ. आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में कहा कि डॉ. आंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके प्रयासों से एक ऐसे भारत की नींव पड़ी, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान प्राप्त करने का अधिकार है।

    उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें शिक्षा की ताकत का महत्व समझाता है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए समाज में व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार उनके आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के हर वर्ग के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

   श्री साय ने बताया कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और अवसरों की समान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। उनका लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नागरिक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सशक्त बने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़े।

   मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं तथा एक न्यायपूर्ण, समरस और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Back to top button