होम खास ख़बर जशपुर में विमान हादसे की खबर भ्रामक: राज्य सरकार ने किया खंडन,...

जशपुर में विमान हादसे की खबर भ्रामक: राज्य सरकार ने किया खंडन, प्रशासन सतर्क

0

जशपुर, 20 अप्रैल।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कथित विमान हादसे को लेकर सामने आ रही खबरों के बीच राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की किसी भी दुर्घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सरकार ने कहा है कि कुछ न्यूज़ चैनलों और वेब पोर्टलों पर प्रसारित हो रही प्लेन क्रैश की खबरें भ्रामक हैं और प्रशासन को अब तक ऐसी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

    इधर, कुछ स्थानीय स्तर पर मिली अपुष्ट जानकारियों में यह दावा किया गया कि सोमवार दोपहर जिले के नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत आरा पहाड़ियों के रतनपहली स्थित घने जंगलों में एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया गया कि एक विमान काफी नीचे उड़ता हुआ दिखाई दिया, जिसके कुछ समय बाद पहाड़ी क्षेत्र से धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। इससे आशंका जताई गई कि विमान पेड़ों या पहाड़ी से टकरा गया होगा।

   इन दावों के बीच स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है। जशपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी स्थिति की जांच के लिए सक्रिय हैं। एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्रों में टीमों को भेजा गया है, ताकि किसी भी संभावित घटना की पुष्टि की जा सके।

    फिलहाल, जान-माल के नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने अपील की है कि लोग अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और पुष्टि होने पर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।