होम मनोरंजन Dhurandhar 2 के ‘जमील जमाली’ ने निर्देशक Farah Khan पर निकाली भड़ास

Dhurandhar 2 के ‘जमील जमाली’ ने निर्देशक Farah Khan पर निकाली भड़ास

0

दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी इस वक्त स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर 2’ में अपनी शानदार परफॉर्मेंस को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म में पाकिस्तानी नेता ‘जमील जमाली’ के रूप में उनके डायलॉग्स से लेकर एक्सप्रेशंस तक ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया है।

इसी बीच, हाल ही में मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान (Farah Khan) राकेश बेदी के घर अपना व्लॉग शूट करने पहुंचीं। फराह को देखते ही राकेश बेदी ने उनके सामने अपनी सालों पुरानी नाराजगी व्यक्त कर दी। आखिर ‘धुरंधर 2’ के जमील जमाली फराह खान से किस बात पर खफा हुए? आइए नीचे विस्तार से पढ़ते हैं:

फराह खान से क्यों गुस्सा हुए अभिनेता राकेश बेदी?
फराह खान के यूट्यूब चैनल के लिए शूट हो रहे इस व्लॉग में राकेश बेदी ने डायरेक्टर को देखते ही अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, “मैं तुमसे बहुत नाराज हूं, क्योंकि तुमने मुझे कभी भी अपनी किसी मूवी में कास्ट नहीं किया।” इस पर खुद का बचाव करते हुए फराह खान ने कहा, “मुझे सच-सच बता, मेरी कौन सी पिक्चर में तेरे लिए रोल अच्छा था?”

फराह की इस बात का बेबाक जवाब देते हुए राकेश बेदी बोले, “हमारी इंडस्ट्री में ये दो डायलॉग्स बहुत कॉमन हैं- ‘अरे तू बता कौन सी फिल्म में लेती मुझे’, हमेशा बोल देती थी कि अगली फिल्म में पक्का लूंगी।” राकेश का यह मजेदार जवाब सुनकर फराह खान ने तुरंत वादा कर दिया कि वह अपनी अगली फिल्म में दिग्गज अभिनेता को जरूर लेंगी।

पिता का रोल देखकर गले लगकर खूब रोई थीं बेटी
इस व्लॉग में एक्टर की बेटी रीतिका और पत्नी भी नजर आईं। रीतिका ने बताया कि ‘धुरंधर 2’ में पिता की परफॉर्मेंस उन्हें कितनी पसंद आई। भावुक होते हुए रीतिका ने कहा, “मुझे याद है फिल्म देखने के बाद मैं स्क्रीनिंग पर अपने पिता को ढूंढने लगी थी। उन्हें देखते ही मैं उन्हें गले लगाकर जोर-जोर से रोने लगी, क्योंकि एक बेटी के तौर पर मेरे लिए यह किसी वैलिडेशन जैसा था। मुझे उन पर बहुत गर्व है।”

वहीं, राकेश बेदी की पत्नी ने भी खुशी जताते हुए कहा, “मैं खुश हूं कि फाइनली मेरे पति को वह सफलता मिली, क्योंकि अब मेरी बेटियां भी यह देख रही हैं कि असली फेम क्या होता है।” बता दें कि ‘धुरंधर 2’ को सिनेमाघरों में 33 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन फिल्म अब भी वर्ल्डवाइड ताबड़तोड़ कमाई कर रही है।