होम छत्तीसगढ़ कांग्रेस सांसद का महिला आरक्षण पर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप

कांग्रेस सांसद का महिला आरक्षण पर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप

0

रायपुर, 21 अप्रैल।महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रंजीत रंजन ने आज यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिला आरक्षण को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रही हैं। उनके साथ मौजूद महिला विधायकों ने भी इस मुद्दे पर भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए।

    रंजीत रंजन ने कहा कि भाजपा यह प्रचार कर रही है कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध के कारण महिला आरक्षण विधेयक पास नहीं हो सका, जबकि वास्तविकता यह है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 (128वां संविधान संशोधन) सितंबर 2023 में संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद यह कानून भी बन चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून अस्तित्व में है तो सरकार इसे लागू करने में देरी क्यों कर रही है।

   उन्होंने आगे कहा कि 16 अप्रैल 26 को केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत 131वां संविधान संशोधन विधेयक महिला आरक्षण से सीधे तौर पर जुड़ा नहीं था, बल्कि इसके जरिए परिसीमन (Delimitation) से जुड़े संशोधन और केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में बदलाव करने का प्रयास किया जा रहा था। रंजन के अनुसार, इस विधेयक में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव भी शामिल था, जिसमें 815 सीटें राज्यों और 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए निर्धारित करने की बात कही गई थी।

   कांग्रेस नेता ने यह भी सवाल उठाया कि जब देश में नई जनगणना की प्रक्रिया 2026-27 में प्रस्तावित है और जातिगत जनगणना की चर्चा भी हो रही है, तो फिर 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने की जल्दी क्यों दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नए आंकड़ों के आधार पर ही परिसीमन होना चाहिए।

   रंजीत रंजन और महिला विधायकों ने यह मांग दोहराई कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है, तो परिसीमन का इंतजार किए बिना वर्तमान सीटों पर ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023में संशोधन कर तत्काल प्रभाव से इसे लागू किया जा सकता था, लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया। उनके मुताबिक, मौजूदा प्रावधानों के अनुसार यह आरक्षण 2034 के बाद ही लागू होगा, जो महिलाओं के साथ अन्याय है।

    इस पत्रकार वार्ता में विधायक अनिला भेड़िया, अंबिका मरकाम, संगीता सिन्हा, सावित्री मंडावी, चातुरी नंद, शेषराज हरवंश, हर्षिता बघेल, कविता प्राण लहरे, विद्यावती सिदार सहित प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता वंदना राजपूत, प्रीति उपाध्याय और प्रगति वाजपेयी भी उपस्थित रहीं।