रायपुर, 22 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस बयान को न केवल आपत्तिजनक बताया, बल्कि इसे देश के करोड़ों नागरिकों का भी अपमान करार दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार की अमर्यादित और असभ्य भाषा का प्रयोग पूरी तरह अनुचित है। उनका कहना है कि इस तरह के बयान स्वस्थ राजनीतिक संवाद की परंपरा को कमजोर करते हैं और लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और शालीनता का पालन जरूरी है, लेकिन इस तरह की टिप्पणियां लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं। मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र की गरिमा पर सीधा आघात बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी पार्टी की राजनीतिक हताशा और गिरते स्तर को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अब मुद्दों पर चर्चा के बजाय व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और अशिष्ट भाषा का सहारा लिया जा रहा है, जो चिंताजनक है।
श्री साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनकी पार्टी से मांग की है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की जनता से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन कर अपनी भाषा और राजनीतिक शैली में सुधार करना चाहिए।




