रायपुर, 22 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर प्रवास पर आए भारत रत्न और क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर के आगमन को क्षेत्र के बदलते स्वरूप का प्रतीक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा जिले के सुदूर वनांचल ग्राम छिंदनार में सचिन का पहुंचना नए बस्तर की सकारात्मक छवि को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि बस्तर अब भय और असुरक्षा के दौर से बाहर निकलकर विकास, अवसर और आत्मविश्वास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे प्रेरणादायक प्रयास यहां के युवाओं को नई दिशा देने के साथ उनके सपनों को साकार करने की प्रेरणा भी प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर का बच्चों के बीच जाकर समय बिताना, उन्हें खेलों के लिए प्रेरित करना और उनमें आत्मविश्वास जगाना इस पहल को और अधिक प्रभावशाली बनाता है। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि सचिन का यह दौरा यहां के बच्चों और युवाओं के लिए एक सशक्त प्रेरणा स्रोत साबित होगा।
साय ने यह भी उल्लेख किया कि Sachin Tendulkar Foundation और Mann Deshi Foundation द्वारा संचालित ‘मैदान कप अभियान’ खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों को खेल मैदान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का यह प्रयास उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार खेल और युवा विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इस दिशा में आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।




