होम ब्रेकिंग न्यूज मतगणना से पहले ममता- अभिषेक की रणनीतिक बैठक, TMC ने 200+ सीटों...

मतगणना से पहले ममता- अभिषेक की रणनीतिक बैठक, TMC ने 200+ सीटों का जताया दावा

0


कोलकाता, 03 मई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को मतगणना से पहले पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी मतगणना एजेंटों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस 294 में से 200 से अधिक सीटें जीतने में सफल रहेगी।

     वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में 291 विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना एजेंट शामिल हुए। दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की तीन सीटों पर अनित थापा के नेतृत्व वाली भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने चुनाव लड़ा है। राज्य में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ था, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

     बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने एजेंटों को निर्देश दिया कि वे मतगणना केंद्रों की हर स्थिति की नियमित जानकारी पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाते रहें और पूरी प्रक्रिया खत्म होने तक केंद्रों पर मौजूद रहें। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगियों द्वारा फैलाए जा रहे कथित “दुष्प्रचार” को नजरअंदाज करने की सलाह भी दी।

     मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों द्वारा जिन तृणमूल एजेंटों को प्रताड़ना का सामना करना पड़ा, पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। वहीं, एग्जिट पोल पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर दिखाए जा रहे ऐसे सर्वेक्षणों का कोई विशेष महत्व नहीं है।

     उन्होंने याद दिलाया कि 2021 और 2024 में भी एग्जिट पोल के अनुमान वास्तविक नतीजों से काफी अलग रहे थे। उनके अनुसार, कई बार ऐसे सर्वेक्षणों का उद्देश्य शेयर बाजार को प्रभावित करना भी होता है।