होम उत्तर प्रदेश अवैध पिस्टल बनी मौत का कारण,अमेठी में युवक की हत्या

अवैध पिस्टल बनी मौत का कारण,अमेठी में युवक की हत्या

0

अमेठी, 08 मई। जनपद के पीपरपुर थाना क्षेत्र स्थित खानापुर गांव में शुक्रवार को अवैध असलहे से युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

     जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीकांत मिश्रा के मौसेरे भाई सचिन पांडे को गांव के ही युवक दीपक मिश्रा ने कथित तौर पर पिस्टल दिखाने के बहाने बुलाया था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सचिन के सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

     घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने घायल युवक को तत्काल सुल्तानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

     युवक की मौत की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में भारी संख्या में लोग पहुंच गए। परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी तनाव का माहौल बन गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक ने पहले पिस्टल दिखाने की बात कही थी, लेकिन अचानक गोली चला दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।