पटना, 08 मई। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 की अधिसूचना जारी करने में हो रही देरी के खिलाफ शुक्रवार को राजधानी पटना में अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, जबकि छात्रों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में टीआरई-4 अभ्यर्थी पटना महाविद्यालय से विरोध मार्च निकालकर डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारी जल्द से जल्द परीक्षा अधिसूचना जारी करने की मांग कर रहे थे। मार्च जब गांधी मैदान के पास पहुंचा, तब पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पटना के केंद्रीय पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीक्षा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए “हल्का बल प्रयोग” किया गया। हालांकि, मौके पर मौजूद छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और कई अभ्यर्थियों को चोटें भी आईं।
टीआरई-4 अभ्यर्थियों का कहना है कि बिहार में 46 हजार से अधिक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की उम्मीद इस परीक्षा से जुड़ी हुई है, लेकिन अप्रैल 2026 तक अधिसूचना जारी करने का आश्वासन पूरा नहीं किया गया। इससे लाखों अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अधिसूचना जारी नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।




