(प्रतीकात्मक फोटो))
चेन्नई, 10 मई। तमिलनाडु की राजनीति में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब अभिनेता से राजनेता बने तमिलागा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख थलपति विजय ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
राजधानी के नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में सुबह 10 बजे राज्यपाल ने विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ टीवीके के 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों, फिल्म जगत की हस्तियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी समारोह में शामिल हुए। वहीं, संवैधानिक परंपरा के तहत निवर्तमान मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को भी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था।
विजय के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही तमिलनाडु की राजनीति में क्षेत्रीय दलों की नई प्रतिस्पर्धा और युवा नेतृत्व की चर्चा तेज हो गई है। फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय ने कम समय में अपनी पार्टी टीवीके को मजबूत जनसमर्थन दिलाते हुए सत्ता तक पहुंचाया है।
इससे पहले 9 मई को विजय ने राजभवन पहुंचकर तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात की थी। उन्होंने टीवीके विधायक दल के नेता चुने जाने की जानकारी राज्यपाल को दी और सरकार गठन का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
राज्यपाल ने विजय सरकार को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है। ऐसे में अब राज्य की राजनीति की नजरें आगामी विश्वास मत पर टिकी हुई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बहुमत परीक्षण विजय सरकार के भविष्य और तमिलनाडु की नई राजनीतिक दिशा तय करेगा।




