होम खास ख़बर NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक विवाद के बाद NTA का...

NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक विवाद के बाद NTA का बड़ा फैसला

0

नई दिल्ली, 12 मई। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा को रद्द करने की घोषणा कर दी है। पेपर लीक के आरोपों और बढ़ते विवादों के बीच एजेंसी ने यह अहम फैसला लिया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

NTA ने मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि यह निर्णय 10 मई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के क्रम में लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, 8 मई को परीक्षा से जुड़े मामलों को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया था। जांच एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्ट और इनपुट की समीक्षा के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।

एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से NEET UG 2026 परीक्षा को निरस्त कर दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही पेपर लीक मामले की जांच अब CBI को सौंप दी गई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

NTA ने स्पष्ट किया है कि नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से साझा की जाएंगी। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।