होम छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री निवास में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स से मिले सीएम साय

मुख्यमंत्री निवास में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स से मिले सीएम साय

0

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य, संघर्ष और सफलता के अनुभवों पर खुलकर चर्चा की। मुख्यमंत्री निवास का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरा नजर आया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि नियमित अभ्यास और समय का सही उपयोग ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।

संवाद के दौरान छात्रों ने डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सपनों की सराहना करते हुए कहा कि बड़े लक्ष्य तय करने वाले युवा ही समाज और देश का भविष्य बदलते हैं। मुख्यमंत्री ने पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य को भी अहम बताया। उन्होंने छात्रों को योग, व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता की मजबूत नींव बनते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी साझा किया कि वे स्वयं नियमित योग करते हैं और व्यस्त दिनचर्या के बावजूद स्वास्थ्य के लिए समय निकालते हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने जीवन संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बचपन में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियां कम उम्र में ही संभालनी पड़ीं। खेती-किसानी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संघर्ष व्यक्ति को मजबूत बनाता है और चुनौतियां ही जीवन की सबसे बड़ी शिक्षक होती हैं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने की सीख देते हुए कहा कि जीवन की पहली शिक्षा परिवार और गुरु से ही मिलती है। उन्होंने छात्रों से केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ये छात्र प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री निवास पहुंचे विद्यार्थियों ने वहां की व्यवस्थाओं को करीब से देखा और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान छात्रों ने आवास परिसर में समय बिताया और मुख्यमंत्री के साथ आत्मीय माहौल में बातचीत की। विद्यार्थियों ने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया।

प्रावीण्य सूची में शामिल विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से एक दिन पहले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैच देखने का अवसर भी दिया गया था।