नई दिल्ली, 15 मई। आम जनता को महंगाई का एक और झटका देते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अब 94.77 रुपये प्रति लीटर के बजाय 97.77 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा। वहीं डीजल के दाम में भी समान बढ़ोतरी की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और परिचालन लागत में इजाफे के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने पिछले 11 सप्ताह तक ईंधन के दाम स्थिर रखे थे। हालांकि लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव के चलते कंपनियों ने अब लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला लिया है।
गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आखिरी बड़ा बदलाव मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले किया गया था, जब सरकार ने दोनों ईंधनों के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। इसके बाद से कीमतें स्थिर बनी हुई थीं।
ईंधन कीमतों में इस ताजा बढ़ोतरी का असर परिवहन लागत और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।




