होम उत्तर प्रदेश राहुल का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- महंगाई से आम जनता परेशान

राहुल का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- महंगाई से आम जनता परेशान

0

रायबरेली, 19 मई।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली दौरे के दौरान केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और जनता भारी आर्थिक दबाव का सामना कर रही है।

     बछरावां विधानसभा क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में सांसद निधि से निर्मित बारातघर का उद्घाटन करने पहुंचे राहुल गांधी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार आम आदमी की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में आर्थिक चुनौतियां और बढ़ सकती हैं, जिसका सबसे अधिक असर किसानों, युवाओं, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।

    कांग्रेस सांसद ने कहा कि रायबरेली की जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए वह लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने छोटे कारोबारियों और मेहनतकश लोगों की खराब होती आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से राहत देने वाले कदम उठाने की मांग की।दौरे के दौरान राहुल गांधी ने चुरुवा मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन भी किए। बड़े मंगल के अवसर पर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं से उन्होंने मुलाकात कर अभिवादन किया।

   इससे पहले मंगलवार सुबह लखनऊ विमानतल पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से राहुल गांधी सड़क मार्ग से रायबरेली रवाना हुए।

   राहुल गांधी का यह दो दिवसीय दौरा जनसंवाद, महिला संवाद और संगठनात्मक बैठकों पर केंद्रित रहेगा। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के लिहाज से यह दौरा कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।