गौरीगंज (अमेठी), 20 मई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने लगातार संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और देश की व्यवस्था पर हमला किया है।
श्री गांधी ने अमेठी के गौरीगंज क्षेत्र के तेजी का पुरवा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत है और यही देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और कमजोर वर्गों की आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है और आरएसएस से जुड़े लोगों को विश्वविद्यालयों तथा महत्वपूर्ण संस्थानों में जिम्मेदार पदों पर बैठाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार का काम देश की अर्थव्यवस्था और सीमाओं की रक्षा करना है, लेकिन पिछले कई वर्षों में बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों को लगातार फायदा पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी का जिक्र करते हुए कहा कि देश की असली ताकत किसान, मजदूर और आम जनता है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की संपत्ति कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में सौंपने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करना भी संविधान पर हमला है।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में नफरत नहीं बल्कि मोहब्बत और भाईचारे की राजनीति करना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी ने अमेठी से अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि अमेठी उनके परिवार की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा, “मेरे पिता राजीव गांधी, मेरी माता सोनिया गांधी और मेरी बहन प्रियंका गांधी को अमेठी की जनता ने हमेशा प्यार और सम्मान दिया है। मैं दिल से आप सभी का धन्यवाद करता हूं।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगली बार वह अमेठी आएंगे तो अपनी बहन प्रियंका गांधी को भी साथ लेकर आएंगे। राहुल गांधी के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस समर्थकों की भीड़ जुटी रही।




