होम छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘कामयाबी वेन’ को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘कामयाबी वेन’ को दिखाई हरी झंडी

0

कोरिया, 21 मई। विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम कुशहा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम के दौरान नीति आयोग द्वारा वित्तपोषित ‘मिशन कामयाबी’ अंतर्गत संचालित ‘कामयाबी वेन’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने वेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक डिजिटल शिक्षा एवं तकनीकी आधारित शिक्षण सुविधाएं पहुंचाना है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गांवों में रहने वाले बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक तकनीक का समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, नवाचार और तकनीक का युग है, इसलिए ग्रामीण विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों और नई शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

   ‘कामयाबी वेन’ के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्चुअल रियलिटी (VR) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) तकनीक आधारित शिक्षण सुविधा मिलेगी। यह मोबाइल डिजिटल शिक्षण इकाई विज्ञान, गणित और तकनीकी विषयों को अधिक रोचक, व्यावहारिक और अनुभवात्मक तरीके से समझाने में मदद करेगी। इससे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ने के साथ-साथ तकनीकी जागरूकता और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में भी सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।

    मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभिनव पहल दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी और उन्हें आधुनिक शिक्षा एवं डिजिटल तकनीक से प्रभावी रूप से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

    कार्यक्रम में विधायक भैया लाल राजवाड़े, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।