होम खास ख़बर अभिषेक बनर्जी पर हमला, टीएमसी ने बीजेपी पर लगाया आरोप; खड़गे और...

अभिषेक बनर्जी पर हमला, टीएमसी ने बीजेपी पर लगाया आरोप; खड़गे और अखिलेश ने की निंदा

0
(प्रतीकात्मक फोटो)

कोलकाता, 30 मई। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब अभिषेक चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित एक पार्टी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे।

    जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी शनिवार को कोलकाता स्थित अपने आवास से सोनारपुर के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में कमालगाजी इलाके में कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया। सोनारपुर पहुंचने पर भी कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिषेक जैसे ही अपनी कार से उतरकर आगे बढ़े, वहां मौजूद भीड़ के एक हिस्से ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान उन पर अंडे, जूते और अन्य वस्तुएं फेंके जाने की भी खबर है। हंगामे में उनकी शर्ट फट गई। स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर हेलमेट पहन लिया। बाद में स्थानीय लोगों और समर्थकों की मदद से उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला गया।

    घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमला भाजपा समर्थित तत्वों द्वारा कराया गया। उन्होंने कहा कि वह कथित चुनाव बाद हिंसा के शिकार पार्टी कार्यकर्ता संजू कर्मकार के परिवार से मिलने गए थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के समय पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था। टीएमसी सांसद ने कहा कि वह मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख करेंगे तथा राज्यपाल को भी पूरी घटना से अवगत कराएंगे।

    टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना की कड़ी आलोचना करते हुए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हमले के बावजूद अभिषेक बनर्जी पीड़ित परिवार से मिलने के अपने कार्यक्रम पर कायम रहे।

    इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकारों की जिम्मेदारी है और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद हिंसा का कोई औचित्य नहीं हो सकता। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी हमले की आलोचना करते हुए कहा कि संवेदनशील माहौल में ऐसी घटना चिंताजनक है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

   उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद से अभिषेक बनर्जी सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर थे। शनिवार को उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम शुरू किया। इससे पहले उन्होंने कोलकाता के बेलियाघाटा इलाके में भी एक अन्य पीड़ित पार्टी कार्यकर्ता के परिवार से मुलाकात की थी।