होम उत्तर प्रदेश यूपी में बिजली महंगी करने की तैयारी पर रोक, नियामक आयोग ने...

यूपी में बिजली महंगी करने की तैयारी पर रोक, नियामक आयोग ने 10% टैरिफ बढ़ाने का प्रस्ताव किया खारिज

0

लखनऊ, 01 जून। उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (UPERC) ने उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के बिजली दरों में 10 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। आयोग के इस फैसले के बाद प्रदेश में फिलहाल बिजली टैरिफ में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं होगी।

      बताया जा रहा है कि यूपीपीसीएल ने बिजली दरों में लगभग 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव आयोग के समक्ष रखा था, जिसे मंजूरी मिलने पर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता। हालांकि, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों और प्रस्तुत तथ्यों पर विचार करने के बाद आयोग ने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

     आयोग के फैसले के बाद जून माह से बढ़े हुए बिजली बिल वसूलने की पावर कॉर्पोरेशन की योजना पर पूरी तरह विराम लग गया है। इससे घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणी के लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

     उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने आयोग के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं की बड़ी और ऐतिहासिक जीत बताया है। परिषद का कहना है कि बिजली दरों में प्रस्तावित वृद्धि मौजूदा परिस्थितियों में उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालती, जिसे आयोग ने गंभीरता से लेते हुए खारिज कर दिया।

    इस फैसले के बाद प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को फिलहाल बढ़ी हुई दरों पर बिल नहीं चुकाना पड़ेगा, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।