होम छत्तीसगढ़ अबूझमाड़ के गारपा पहुंचे मुख्यमंत्री साय, विकास कार्यों की सौगात के साथ...

अबूझमाड़ के गारपा पहुंचे मुख्यमंत्री साय, विकास कार्यों की सौगात के साथ पुलिस थाना खोलने की घोषणा

0

नारायणपुर, 01 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ अंचल स्थित ग्राम पंचायत गारपा में आयोजित जन चौपाल में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

    मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे अबूझमाड़ और बस्तर क्षेत्र में अब तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है तथा विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार मिलकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि वनांचल क्षेत्रों तक सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी मूलभूत सुविधाएं तेजी से पहुंचें। उन्होंने बताया कि गारपा और आसपास के क्षेत्रों में सड़क एवं अन्य आधारभूत ढांचे के निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

    जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे घरेलू जरूरतों के साथ-साथ अपनी बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि खातों में जमा कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

    उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से आजीविका संबंधी विषयों पर भी चर्चा की तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पशुपालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनोपज संग्राहकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों को रामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री बस सेवा, अटल डिजिटल सेवा, मनरेगा जॉब कार्ड और लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

   मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में नक्सलवाद में आई कमी और शांति व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों ने बताया कि पहले राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए उन्हें कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब सुविधाएं गांवों के नजदीक उपलब्ध होने लगी हैं, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।

   इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें गारपा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, पुलिस थाना खोलना, तुमेराड़ी में दो पुलियों का निर्माण, गारपा में आंतरिक सीसी सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र और आश्रम शाला में बाउंड्रीवाल निर्माण तथा विभिन्न संपर्क सड़कों के निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास के लिए धन और संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अबूझमाड़ और बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

  कार्यक्रम में राज्य सहकारी लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।