होम खास ख़बर अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार पर टूटा कहर, फिरोजपुर सड़क...

अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार पर टूटा कहर, फिरोजपुर सड़क हादसे में 8 की मौत

0

फिरोजपुर, 06 जून। पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर शनिवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जंगा वाला गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और महिंद्रा पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

     जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब जलालाबाद क्षेत्र के रहने वाले एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े लोग बियास स्थित राधा स्वामी डेरा में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी जंगा वाला गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक से टकरा गई।

     प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में उसकी क्षमता से अधिक करीब 25 लोग सवार थे, जिससे हादसे का असर और भी गंभीर हो गया।

     दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों का इलाज फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

     पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।