होम खास ख़बर दिल्ली पुलिस से मिली अनुमति, जंतर-मंतर पर होगा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का...

दिल्ली पुलिस से मिली अनुमति, जंतर-मंतर पर होगा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रदर्शन

0

नई दिल्ली, 06 जून। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि अब प्रदर्शनकारी सीधे जंतर-मंतर पहुंच सकते हैं और उन्हें पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत संसद मार्ग थाना जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

      पार्टी ने अपने पोस्ट में राजनीतिक टिप्पणी करते हुए लिखा, “कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं।” इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

      इस बीच, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार सुबह करीब 7:35 बजे अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर समर्थकों से जंतर-मंतर पर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने लिखा, “लैंडिंग हो गई। जंतर-मंतर पर आप सभी से मिलने का बेसब्री से इंतजार है। किताब और हमारा तिरंगा लाना न भूलें। सहानुभूति और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में पुलिसकर्मियों को फूल भेंट करें। हमें इस आंदोलन का नेतृत्व प्रेम और शांति के साथ करना है।”

      पार्टी सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने अभिजीत दिपके से मुलाकात कर प्रदर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर चर्चा की।

     पार्टी का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेगी। वहीं, प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।