सक्ती, 6 जून। सुशासन तिहार के तहत सक्ती जिले के ग्राम ठठारी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चतुर्भुज तालाब के समीप विशाल बरगद के पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही अत्याधुनिक सीएम हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है, जिसके माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में राशि हस्तांतरित की गई है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, श्री रामलला दर्शन योजना तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं से नागरिकों को आर्थिक और धार्मिक दोनों प्रकार के लाभ मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास का नया माहौल बना है।
ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों और सुझावों पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने चतुर्भुज विष्णु मंदिर के पास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरती घाट निर्माण, ठठारी में बैंक शाखा खोलने तथा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही ठठारी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश कलेक्टर को दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री के आगमन से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। बरगद की छांव में आयोजित यह जनचौपाल ग्रामीणों के लिए यादगार अवसर साबित हुई, जहां उन्हें अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का मौका मिला।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




