होम छत्तीसगढ़ विश्व पर्यावरण दिवस: चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को मंत्री ओ.पी. चौधरी ने...

विश्व पर्यावरण दिवस: चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया सम्मानित

0

रायपुर, 06 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सम्मानित किया।

     “प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें” विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों और दिव्यांग प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता और रचनात्मक सोच को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

     12 वर्ष तक की आयु वर्ग में कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना की छात्रा सिद्धी वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। होली क्रॉस गर्ल्स स्कूल, रायपुर की काव्या विश्वकर्मा द्वितीय और कृष्णा पब्लिक स्कूल, डुण्डा की के. तेजस्विनी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं प्रत्युषा शुक्ला, अर्पिता लहर और दितिप्रिया चौधरी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

    13 से 17 वर्ष आयु वर्ग में सेजेस स्कूल, अभनपुर के हितेश यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिवोम विद्यापीठ, रायपुर की हेमा साहू द्वितीय तथा द एशियन एकेडमी के प्रियांशु साहू तृतीय स्थान पर रहे। इस वर्ग में भावेश प्रजापति, मौसमी साहू और छवि साहू को सांत्वना पुरस्कार मिला।

    18 से 21 वर्ष आयु वर्ग में साइंस कॉलेज, रायपुर की तन्नू जंघेल प्रथम स्थान पर रहीं। स्वामी आत्मानंद बी.डी. स्कूल, खरोरा के चिराग पसारी ने द्वितीय और कलिंगा विश्वविद्यालय, रायपुर के सचिन जंघेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मौसमी दिवान और प्रिन्स विश्वकर्मा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

    दिव्यांग श्रेणी में शासकीय दिव्यांग महाविद्यालय, माना कैंप की लवली खुटियारे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनमोल पटेल द्वितीय और डॉली शिवारे तृतीय स्थान पर रहीं। पुनाराम निषाद, पूजा और आयशा खान को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

     इस अवसर पर मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में बच्चों और युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

    कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक तथा अभिभावक उपस्थित रहे।