होम खास ख़बर INDIA गठबंधन की बैठक से डीएमके ने बनाई दूरी, कांग्रेस बोली- 23...

INDIA गठबंधन की बैठक से डीएमके ने बनाई दूरी, कांग्रेस बोली- 23 दलों ने जताई भागीदारी

0

नई दिल्ली, 07 जून। राजधानी दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में सोमवार को होने वाली INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गठबंधन की प्रमुख सहयोगी पार्टी डीएमके (DMK) ने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है, जिससे विपक्षी एकता को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

    कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि बैठक में शामिल होने के लिए 23 राजनीतिक दलों ने अपनी सहमति दे दी है। पार्टी का कहना है कि कुछ दल विभिन्न कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, लेकिन केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया है।

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, मताधिकार पर हमला करने, जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के जरिए विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने तथा बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि सरकार की नीतियों से करोड़ों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है और युवाओं की उम्मीदों को झटका लगा है।

    कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति देश के हितों के अनुरूप नहीं है तथा इससे निवेश का माहौल कमजोर हुआ है। पार्टी ने दावा किया कि INDIA गठबंधन इन मुद्दों पर पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ जनता की आवाज उठाएगा।

   वहीं, तमिलनाडु की राजनीति में हालिया घटनाक्रम के बाद कांग्रेस और डीएमके के संबंधों में खटास देखने को मिली है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस द्वारा टीवीके (TVK) को समर्थन दिए जाने और सरकार में शामिल होने के फैसले से डीएमके नाराज बताई जा रही है। इसी नाराजगी के चलते डीएमके ने न केवल कांग्रेस से दूरी बनाई है, बल्कि INDIA गठबंधन की इस बैठक में भी शामिल नहीं होने का फैसला किया है।

  राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बैठक में डीएमके की गैरमौजूदगी विपक्षी गठबंधन के लिए एक अहम संकेत हो सकती है, हालांकि कांग्रेस का दावा है कि अधिकांश सहयोगी दल गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े हैं।