लखनऊ, 08 जून। उत्तर प्रदेश सरकार ने आयुष चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य के पांच मंडलों में नए राजकीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय एवं महाविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। ये संस्थान देवीपाटन, मीरजापुर, मेरठ, आगरा और बस्ती मंडल में विकसित किए जाएंगे।
सरकार का उद्देश्य आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को आधुनिक स्वास्थ्य विज्ञान के साथ जोड़कर चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देना है। इन संस्थानों के शुरू होने से प्रदेश में आयुष शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बताया कि पांचों प्रस्तावित संस्थानों के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। देवीपाटन मंडल में गोंडा जिले के वजीरगंज विकासखंड स्थित ग्राम कोडर में लगभग 14.82 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। मीरजापुर मंडल के लिए सदर तहसील के ग्राम अकोढ़ी में 13.83 एकड़ भूमि का चयन किया गया है। वहीं मेरठ मंडल के लिए गाजियाबाद जिले की मोदीनगर तहसील के ग्राम सैदपुर हुसैनपुर डलना में 11 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है।
इसके अलावा आगरा मंडल में किरावली तहसील के ग्राम अकबरा में 13.5 एकड़ तथा बस्ती मंडल में हर्रैया तहसील के ग्राम जोगापुर में 15 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। अधिकारियों के अनुसार चार मंडलों में भूमि पहले ही आयुष विभाग के नाम दर्ज की जा चुकी है, जबकि बस्ती मंडल में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
आयुष महानिदेशक एवं मिशन निदेशक चैत्रा वी. ने बताया कि सभी पांचों मंडलों में भूमि उपलब्ध हो चुकी है और राजकीय एकीकृत आयुष महाविद्यालय एवं चिकित्सालयों के भवनों का डिजाइन एवं नक्शा तैयार किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद प्रदेश में आयुष चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी और ग्रामीण व अर्धशहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी बेहतर होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन संस्थानों की स्थापना से आयुष क्षेत्र में शोध, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास और बढ़ेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा व्यापक होगा।




