होम ब्रेकिंग न्यूज सोनिया से मिलीं ममता, इंडिया गठबंधन और टीएमसी की चुनौतियों पर हुई...

सोनिया से मिलीं ममता, इंडिया गठबंधन और टीएमसी की चुनौतियों पर हुई अहम चर्चा

0

नई दिल्ली, 09 जून।विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की हालिया बैठक के बाद मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से नई दिल्ली में मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और विपक्ष की आगे की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

    जानकारी के मुताबिक, बातचीत में इंडिया गठबंधन को मजबूत बनाने के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति भी प्रमुख विषय रही। राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद उत्पन्न हालात, राजनीतिक हिंसा के आरोपों तथा टीएमसी के कुछ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के पार्टी से अलग होने की घटनाओं पर भी दोनों नेताओं ने विचार-विमर्श किया।

     इससे एक दिन पहले आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक में भी ममता बनर्जी और सोनिया गांधी के बीच अच्छी तालमेल देखने को मिली थी। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया था और लंबे समय तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करती नजर आई थीं। कांग्रेस द्वारा दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की गई थीं।

    यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब टीएमसी के भीतर असंतोष और संभावित बगावत की खबरें चर्चा में हैं। राजनीतिक हलकों में पार्टी के कुछ सांसदों और विधायकों के अलग रुख अपनाने की अटकलें लगाई जा रही हैं, जिससे पार्टी नेतृत्व के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।

    राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, विधानसभा चुनाव में झटके और उसके बाद सामने आए घटनाक्रमों के बीच ममता बनर्जी और सोनिया गांधी की यह बंद कमरे की बैठक विपक्षी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने आगामी राजनीतिक रणनीति और विपक्षी एकजुटता को लेकर भी विचार साझा किए।