मुंबई, 09 जून। लगातार तीन कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर मजबूती देखने को मिली है। बढ़ती खरीदारी और वैश्विक संकेतों के बीच सोना रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गया है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत मंगलवार को 1,030 रुपये की तेजी के साथ बढ़कर 1,52,519 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इससे पहले इसका भाव 1,51,489 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
इसी तरह 22 कैरेट सोना 943 रुपये मजबूत होकर 1,39,707 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,38,764 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 772 रुपये बढ़कर 1,14,389 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जो पहले 1,13,617 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली। आईबीजेए के आंकड़ों के अनुसार चांदी 1,638 रुपये प्रति किलो महंगी होकर 2,45,938 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,44,300 रुपये प्रति किलो था।
वायदा बाजार में भी कीमती धातुओं में मजबूती का रुख बना हुआ है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी दोनों के भाव बढ़त के साथ कारोबार करते दिखाई दिए। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय आर्थिक अनिश्चितताओं और सुरक्षित निवेश की मांग के चलते आने वाले दिनों में कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती का रुख बना रह सकता है।




