होम उत्तर प्रदेश सुलतानपुर में 90 लाख रुपये का 360 किलो गांजा बरामद, अंतर्राज्यीय तस्कर...

सुलतानपुर में 90 लाख रुपये का 360 किलो गांजा बरामद, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0

(सन्तोष यादव)

सुलतानपुर, 13 जून। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुलतानपुर पुलिस और यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ और चांदा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 360 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।

     पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ और चांदा थाना पुलिस की टीम ने थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से बिहार के मधुबनी जिले के निवासी दीपक कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।

      गिरफ्तार आरोपी के पास से गांजे के अलावा ट्रक संख्या बीआर 09 जीबी 5529, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, तीन एटीएम कार्ड तथा ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किया गया है।

     पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेशे से ट्रक चालक है और कुछ समय पहले उसकी पहचान मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े लोगों से हुई थी। इसके बाद वह गांजे की खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने का काम करने लगा। उसने खुलासा किया कि बरामद गांजा उड़ीसा से लाया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जाना था। इस कार्य के बदले उसे प्रति खेप करीब 50 हजार रुपये मिलते थे।

     पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चांदा थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे गिरोह की जांच तेज कर दी गई है।

     इस कार्रवाई में एसटीएफ के उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र उपाध्याय, सुनील मिश्रा, चेतन सिंह, आरक्षी सुधीर कुमार तथा चांदा थाने के उपनिरीक्षक मेराज हुसैन, आरक्षी सर्वजीत मौर्य और प्रेमदीप गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।