होम छत्तीसगढ़ रायपुर में बनेगा अत्याधुनिक कैंसर उपचार केंद्र, ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ में रामकृष्ण केयर...

रायपुर में बनेगा अत्याधुनिक कैंसर उपचार केंद्र, ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ में रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का अनावरण

0

रायपुर, 13 जून। छत्तीसगढ़ और मध्य भारत में कैंसर उपचार सुविधाओं को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केयर हास्पिटल के अंतर्गत संचालित रामकृष्णा केयर हास्पिटल ने राष्ट्रीय ऑन्कोलॉजी सम्मेलन ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ के दौरान आगामी रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का औपचारिक अनावरण किया। दो दिवसीय इस सम्मेलन में देशभर से 600 से अधिक ऑन्कोलॉजिस्ट, कैंसर विशेषज्ञ, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों ने भाग लिया।

     अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, समर्पित कैंसर संस्थान का संचालन अगस्त 2026 से शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से कैंसर मरीजों को आधुनिक तकनीकों से युक्त उन्नत उपचार, सटीक जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल विशेष रूप से छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के उन मरीजों के लिए राहत लेकर आएगी, जिन्हें अब तक बेहतर उपचार के लिए बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता था।

      कैंसर इंस्टीट्यूट का अनावरण छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। इस अवसर पर अस्पताल के मैनेजिंग एवं क्लिनिकल डायरेक्टर डा.संदीप दवे , रीजनल सीईओ हर्ष द्विवेदी सहित देशभर के कई वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए उन्नत उपचार सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नया कैंसर इंस्टीट्यूट क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

     वहीं, डॉ. संदीप दवे ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स पिछले तीन दशकों से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए अत्याधुनिक और बहु-विषयक उपचार सुविधाओं का विस्तार जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि अगस्त 2026 में शुरू होने वाला कैंसर इंस्टीट्यूट इस दिशा में एक बड़ा कदम होगा और इसका उद्देश्य रायपुर को मध्य भारत के प्रमुख कैंसर उपचार केंद्र के रूप में विकसित करना है।

   रीजनल सीईओ हरेश त्रिवेदी ने कहा कि यह संस्थान मध्य भारत में उन्नत कैंसर उपचार सेवाओं के विस्तार और ऑन्कोलॉजी क्षमताओं को मजबूत करने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। इसके शुरू होने से रायपुर विशेष कैंसर उपचार के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी प्रमुख कैंसर सेवाएं

     अगस्त 2026 से शुरू होने वाला रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन और सपोर्टिव केयर जैसी सेवाओं को एकीकृत मॉडल के तहत उपलब्ध कराएगा। संस्थान में विश्वस्तरीय कैंसर उपचार तकनीकों को शामिल किया जाएगा।

    यहां अत्याधुनिक Versa HD™ रेडिएशन लिनैक भी स्थापित किया जाएगा, जिसे दुनिया के सबसे उन्नत रेडिएशन थेरेपी प्लेटफॉर्म में गिना जाता है। यह तकनीक कैंसर उपचार को अधिक सटीक, व्यक्तिगत और प्रभावी बनाने में सहायक होगी।

कई राज्यों के मरीजों को मिलेगा लाभ

      नया कैंसर संस्थान केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और मध्य भारत के अन्य क्षेत्रों के मरीजों को भी बेहतर उपचार सुविधा प्रदान करेगा। इससे मरीजों की बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक ही विशेषज्ञ इलाज उपलब्ध हो सकेगा।

‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ में नई तकनीकों पर मंथन

     सम्मेलन के पहले दिन प्रिसिजन मेडिसिन, इम्यूनोथेरेपी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर, स्तन कैंसर, स्त्री रोग संबंधी कैंसर, यूरो-ऑन्कोलॉजी और कैंसर उपचार में उभरती नई तकनीकों पर वैज्ञानिक सत्र, विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा और बहु-विषयक विचार-विमर्श आयोजित किए गए।

    यह सम्मेलन 14 जून तक जारी रहेगा, जिसमें देश के प्रमुख विशेषज्ञ ऑन्कोलॉजी क्षेत्र में उभरते रुझानों, अनुसंधान और नवाचारों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।