नई दिल्ली, 15 जून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छात्रों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से 17 जून को राजस्थान के कोटा में आयोजित होने वाले ‘स्टूडेंट्स इको’ (छात्रों की गूंज) आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी ने लाखों युवाओं को निराश किया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी संदेश में कहा कि आज देश में मेहनत और प्रतिभा को उसका उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हर पेपर लीक, हर रद्द परीक्षा और हर अधूरी भर्ती केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और युवाओं के सपनों पर सीधा प्रहार है।
कांग्रेस नेता ने युवाओं की पीड़ा को समझने की बात कहते हुए कहा कि वे जानते हैं कि छात्र और नौकरी के अभ्यर्थी लगातार हो रही अनियमितताओं से थक चुके हैं और उनमें गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जब सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं होती, तब अपनी बात बुलंद करनी पड़ती है।
राहुल गांधी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 17 जून को कोटा में होने वाला ‘स्टूडेंट्स इको’ कार्यक्रम केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई की शुरुआत है। उन्होंने आह्वान किया कि कोटा से उठने वाली यह आवाज देश के हर कोने तक पहुंचे और सरकार को युवाओं की समस्याओं पर जवाब देने के लिए मजबूर करे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों और युवाओं के इस संघर्ष में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।




