होम छत्तीसगढ़ जैविक कृषि कार्यशाला एवं कृषक सम्मेलन में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सिंह,...

जैविक कृषि कार्यशाला एवं कृषक सम्मेलन में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सिंह, किसानों को किया सम्मानित

0

राजनांदगांव, 17 जून। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सुरगी में आयोजित जैविक कृषि कार्यशाला एवं कृषक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कृषि विभाग, राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि महाविद्यालय सुरगी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

     सुरगी पहुंचने पर डॉ. रमन सिंह का स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधियों और किसानों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नए बस स्टैंड चौक में पूजा-अर्चना के साथ एक नई एम्बुलेंस का लोकार्पण भी किया।

      कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आयोजित कृषक सम्मेलन में डॉ. सिंह ने क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों तथा कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने सुरगी क्षेत्र के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के किसानों द्वारा किए जा रहे कार्य पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श मॉडल हैं।

     उन्होंने कहा कि सुरगी में संचालित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि महाविद्यालय राजनांदगांव जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। इन संस्थानों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का सीधा लाभ किसानों और विद्यार्थियों को मिल रहा है।

     डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यूरिया की बाजार कीमत लगभग 2,220 रुपये प्रति क्विंटल है, लेकिन केंद्र सरकार की सब्सिडी के कारण किसानों को यह मात्र 266 रुपये प्रति क्विंटल में उपलब्ध कराया जा रहा है।

     उन्होंने रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने तथा गोबर खाद एवं जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

    डॉ. सिंह ने बताया कि सुरगी उनका गोद ग्राम है, जहां लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सुरगी-खरखरा सिंचाई डायवर्सन नहर लाइनिंग का 19 करोड़ रुपये का कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं शिवनाथ डायवर्सन से जुड़ी मुख्य एवं लघु नहरों का निर्माण लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जिसका करीब 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

      कार्यक्रम में लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय ने भी किसानों को संबोधित किया और कृषि विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

      स्वागत समारोह के दौरान साकेत साहित्य परिषद, सुरगी के पदाधिकारियों ने भी डॉ. रमन सिंह का स्मृति चिन्ह, पुष्पमाला और गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया।

      परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि डॉ. रमन सिंह द्वारा पूर्व में परिषद को 50 हजार रुपये मूल्य की पुस्तकों का सहयोग प्रदान किया गया था, जिसका लाभ साहित्यकारों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं को मिल रहा है। इन पुस्तकों को स्थानीय शिक्षक महेश साहू के माध्यम से विद्यार्थियों को नि:शुल्क अध्ययन हेतु उपलब्ध कराया जाता है।

      इस अवसर पर परिषद के प्रतिनिधियों ने विधानसभा अध्यक्ष को साकेत साहित्य परिषद सुरगी के 27वें वार्षिक समारोह के आयोजन में सहयोग प्रदान करने संबंधी अनुरोध पत्र भी सौंपा।