लखनऊ, 17 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों में किराए पर 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) को दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 जून को प्रदेश के 59 जिलों में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परीक्षार्थियों के पास ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं है, उन्हें आवश्यकतानुसार अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर अफवाह, भ्रामक जानकारी अथवा गलत सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मोहर्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यह मातम और श्रद्धा का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम के जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। साथ ही नई परंपराओं की शुरुआत, कानफोड़ू डीजे तथा ढोल-ताशों के अनियंत्रित उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को स्थानीय स्तर पर संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए और 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों को अनुमति न दी जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन किसी भी नई परंपरा को शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 20 जून को नगर विकास, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभागों द्वारा शिक्षण संस्थानों के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।




