रायपुर, 19 जून।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रियों की बैठक को लेकर लगाई जा रही आपातकालीन बैठक की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार 12 वर्ष तक प्रधानमंत्री पद पर कार्य करने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित किए जा रहे “12 साल बेमिसाल : विश्वास के, विकास के” कार्यक्रम की तैयारियों और गतिविधियों की समीक्षा करना था।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बैठक में इस बात की समीक्षा की गई कि राज्य के मंत्रीगण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का क्रियान्वयन किस प्रकार कर रहे हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी कथनी और करनी के कारण कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। लगातार चुनावों में मिल रही पराजय इसका प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बीच आपसी मतभेद और मनमुटाव जगजाहिर हैं तथा एकजुटता का उनका दावा केवल दिखावा प्रतीत होता है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने जशपुर प्रवास की जानकारी देते हुए बताया कि वे जशपुर जिले के ग्राम डोंडराही में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और आदिवासी समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर है।




