रायपुर, 20 जून। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा और मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन 1076 तथा सेवा सेतु की कार्यप्रणाली का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं, शिकायत निवारण व्यवस्था और तकनीक आधारित सुविधाओं की जानकारी ली।
अवलोकन के दौरान सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासन को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु शासन और नागरिकों के बीच संवाद को सरल और प्रभावी बनाने वाले महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास ने स्वयं सीएम हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया का अनुभव लिया। उन्होंने शिकायत पंजीयन, निगरानी और समाधान की व्यवस्था का अवलोकन करते हुए इसे शासन की संवेदनशीलता और नागरिक हितों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन 1076 नागरिकों को अपनी शिकायतें सीधे शासन तक पहुंचाने का सुलभ मंच उपलब्ध कराती है। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए एक पारदर्शी और तकनीक आधारित प्रणाली विकसित की गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होती है।
वहीं, संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का सशक्त मंच बन चुकी है। इसके लिए बहुस्तरीय निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था लागू की गई है।
अधिकारियों ने सेवा सेतु की जानकारी देते हुए बताया कि यह राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल है, जिसके माध्यम से नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं और प्रमाण-पत्रों के लिए घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। इससे प्रक्रियाएं अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनी हैं तथा लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु से जुड़ी सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी डिजिटल माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के अंत में पंकज झा और आर. कृष्णा दास ने सीएम हेल्पलाइन 1076 तथा सेवा सेतु की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि ये पहल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन आधारित विकास दृष्टि को साकार कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक के बढ़ते उपयोग से नागरिकों का शासन पर भरोसा और मजबूत होगा।



