रायपुर, 20 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 6 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, विभिन्न आयोगों एवं मंडलों के पदाधिकारियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में सहभागिता अपेक्षित है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है। कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुरूप किया जाएगा। राज्य स्तरीय आयोजन में प्रतिभागियों को सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह आज पूरी दुनिया को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दे रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राज्य सरकार द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी दी जाएगी तथा योग विशेषज्ञ स्वस्थ जीवनशैली में योग की भूमिका पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।



