होम उत्तर प्रदेश यूपी में कानून का राज, योगी सरकार ने बदली प्रदेश की तस्वीर...

यूपी में कानून का राज, योगी सरकार ने बदली प्रदेश की तस्वीर : नितिन नबीन

0

लखनऊ, 05 जुलाई।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब बदहाली, तुष्टिकरण और अराजकता की छवि से निकलकर नई पहचान बना रहा है।

    नितिन नबीन शनिवार को राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि पहले प्रदेश के कई हिस्सों में अपराधियों और माफिया का प्रभाव इतना गहरा था कि आम लोगों में भय का माहौल बना रहता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने गांव-गांव तक कानून का शासन स्थापित किया है और गुंडाराज पर प्रभावी नियंत्रण किया है।

    महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं में घर से बाहर निकलने को लेकर असुरक्षा की भावना रहती थी, जबकि अब वे खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उनके अनुसार, भाजपा सरकार ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा है।

    उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश और बिहार को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, लेकिन आज दोनों राज्य विकास के नए मानक गढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों को गरीब कल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए कहा कि इन नीतियों ने प्रदेश की “तस्वीर और तकदीर” बदलने का काम किया है।

    भाजपा अध्यक्ष ने सांस्कृतिक विरासत और हिंदू आस्था के मुद्दे पर भी पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बिहार में रामचरितमानस के कथित अपमान की घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उस समय कांग्रेस नेतृत्व ने चुप्पी साधे रखी।

   अपने संबोधन के दौरान नितिन नबीन ने एक व्यक्तिगत प्रसंग साझा करते हुए बताया कि उनके पिता पटना से कारसेवक के रूप में अयोध्या गए थे और उन्हें दो महीने तक जेल में रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं ने हिंदू आस्था की रक्षा के लिए लंबे समय तक संघर्ष और त्याग किया है।

   कार्यक्रम के अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उत्तर प्रदेश दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में है। उन्होंने कहा, “मैं उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारी के लिए आया हूं, शंखनाद करने आया हूं।” राजनीतिक विश्लेषक इसे भाजपा के 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआती तैयारी के संकेत के रूप में देख रहे हैं।